वियतनाम के प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

रामजी पांडे
नई दिल्ली वियतनाम के प्रधानमंत्री महामहिम फाम मिन्ह चीन्ह ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

राष्ट्रपति ने वियतनाम के प्रधानमंत्री का भारत में स्वागत करते हुए कहा कि भारत-वियतनाम संबंध घनिष्ठ सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों की मजबूत नींव पर बने हैं। उन्होंने कहा कि ये संबंध आपसी विश्वास, समझ और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहयोग के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। राष्ट्रपति ने वियतनाम को भारत की 'एक्ट ईस्ट नीति' का एक महत्वपूर्ण स्तंभ और 'इंडो-पैसिफिक विजन' के लिए एक महत्वपूर्ण साझेदार बताया।

राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हो रही है कि भारत-वियतनाम द्विपक्षीय संबंध राजनीतिक आदान-प्रदान, रक्षा साझेदारी, व्यापार, वाणिज्य और निवेश, विकास सहयोग, सांस्कृतिक संबंधों एवं लोगों के बीच परस्पर संबंधों तक विविधतापूर्ण हो गए हैं।

दोनों नेताओं ने साझा बौद्ध विरासत और सभ्यतागत संबंधों का उल्लेख करते हुए वियतनाम में विरासत स्थलों को बहाल करने के लिए चल रहे सहयोगात्मक प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चीन्ह की यह यात्रा भारत-वियतनाम व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने में सफल सिद्ध होगी।