लखीमपुर खीरी के किसानों को मिली सिल्ट हटाने के लिए पहली बार मुआवजा


लखीमपुर खीरी, 12 अगस्त। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत प्रदान करते हुए, खेतों से सिल्ट हटाने के लिए 32 लाख से अधिक की सहायता राशि जारी की है। यह पहली बार है जब राज्य में किसानों को इस प्रकार का मुआवजा प्रदान किया गया है। लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी दुर्गाशक्ति नागपाल की इस पहल ने अन्य जिलों के अधिकारियों के लिए एक मिसाल पेश की है।

लखीमपुर खीरी जिले के 311 किसानों को यह सहायता राशि दी गई है, जिससे वे अपने खेतों में जमी सिल्ट को हटा सकें। इन किसानों को कुल 32,55,872 रुपये का मुआवजा दिया गया है। इनमें से 178.78 हेक्टेयर क्षेत्रफल के खेतों से सिल्ट हटाने के लिए यह राशि वितरित की गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप, यह योजना राज्य में आपदा न्यूनीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस मुआवजे के लिए उन किसानों को चुना गया है जिनके खेतों में बाढ़ के कारण तीन सेंटीमीटर से अधिक मोटी सिल्ट जमा हो गई थी।

लखीमपुर खीरी, निघासन, धौरहरा, गोला, और पलिया तहसील के किसानों को यह मुआवजा प्रदान किया गया है। इस पहल से किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है, और उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है।

डीएम दुर्गाशक्ति नागपाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश में आपदा से प्रभावित किसानों को पहली बार ऐसी सहायता राशि दी जा रही है, जो आपदा न्यूनीकरण और राहत कार्यों की दिशा में एक नई शुरुआत है।

इससे पहले, आपदा गाइडलाइन के तहत इस प्रकार का मुआवजा कभी नहीं दिया गया था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संवेदनशीलता और सक्रियता ने इस योजना को साकार किया है। अब उम्मीद है कि अन्य जिलों में भी इस पहल का अनुसरण किया जाएगा।