महिला थाना पुलिस टीम ने किया पैदल रूट मार्च, दी नारी शक्ति मिशन की जानकारी

लखीमपुर खीरी: महिला थाना एसओ शिल्पी शुक्ला और मुख्य आरक्षी रेनू सिंह के नेतृत्व में महिला पुलिस टीम ने नगर के मुख्य मार्गों पर पैदल रूट मार्च किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को नारी शक्ति मिशन के तहत आत्मरक्षा के उपायों की जानकारी दी और समाज में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर जागरूक किया।

टीम ने बताया कि महिलाओं को अपने परिवार की बेटियों को किस तरह से सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए, उन्हें घर से बाहर निकलने पर क्या सावधानियां बरतनी चाहिए, और किस प्रकार का व्यवहार करना चाहिए। इस दौरान टीम ने महिलाओं को यह भी समझाया कि उन्हें अपनी शिक्षा और संस्कारों का पालन करते हुए अपने दैनिक जीवन में आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बने रहना चाहिए।

मार्च के दौरान पुलिस टीम ने रास्ते में कई जगहों पर गुटों में खड़े लड़कों को समझाया कि वे किसी भी प्रकार की गलत हरकतों से बाज आएं और स्कूली छात्राओं को बेवजह परेशान न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

यह पैदल रूट मार्च सौजन्य चौक से शुरू होकर विकास भवन, सदर कोतवाली, श्री राम चौराहा, हमदर्द दवाखाना, कचहरी रोड होते हुए महिला थाना पर आकर संपन्न हुआ। इस मार्च में महिला थाना एसओ शिल्पी शुक्ला और मुख्य आरक्षी रेनू सिंह के साथ आरक्षी सीता देवी, आरक्षी दिव्या, आरक्षी रचना यादव और अन्य महिला आरक्षी शामिल रहीं।