जलशक्ति मंत्री ने लखीमपुर खीरी में बाढ़ राहत परियोजनाओं का किया निरीक्षण

लखीमपुर खीरी, 5 जुलाई 2024 – जिले में बाढ़ से बचाव और राहत कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करने के लिए प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को दौरा किया। उनके साथ विधायक गोला अमन गिरी और सीडीओ अभिषेक कुमार भी मौजूद थे। मंत्री ने बाढ़खंड द्वारा निर्मित कटानरोधी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बाढ़ राहत कार्यों का गहन निरीक्षण
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सबसे पहले शारदा नदी के दायें किनारे पर ग्राम बझेड़ा के अपस्ट्रीम में रिवर ट्रेनिंग कार्य की परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने नक्शे के माध्यम से परियोजना की विस्तृत जानकारी ली और फिर पैदल भ्रमण कर कार्य की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलस्तर बढ़ने पर परियोजना की लगातार निगरानी की जाए और स्थानीय ग्रामीणों के साथ संवाद बनाए रखा जाए। मंत्री ने ग्रामीणों से फीडबैक भी लिया।

परियोजना का लाभ
अधिशासी अभियंता (बाढ़ खंड) अजय कुमार ने बताया कि इस परियोजना की लागत ₹598.39 लाख रुपये है, जिससे 3 गांवों के 4100 निवासियों को लाभ होगा। परियोजना के तहत 700 मीटर लंबाई में 09 अदद स्टड, टो-वाल, स्लोप पिचिंग और 355 मीटर में परक्यूपाइन लगाते हुए नई परियोजना का निर्माण और 345 मीटर में पूर्व निर्मित परियोजना की मरम्मत का काम हुआ।

जन-धन की सुरक्षा साकार की प्राथमिकता होनी चाहिए - रामजी पांडे
इस पर लखीमपुर सदर से आगामी 2027 के निर्दलीय प्रत्याशी रामजी पांडे ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में राहत और बचाव के लिए बेहतर समन्वय और तुरंत कार्रवाई जरूरी है। जन-धन की सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। बाढ़ से जन-जीवन की सुरक्षा के लिए अंतरविभागीय समन्वय करके बेहतर कोऑर्डिनेशन, क्विक एक्शन और बेहतर प्रबंधन से बाढ़ की स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कराई जाए।

अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के जनपद आगमन पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी गणेश प्रसाद साहा ने उनका स्वागत किया। मंत्री ने निरीक्षण भवन में अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रबंधन और जन-जीवन की सुरक्षा के दृष्टिगत तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विधायक योगेश वर्मा, मंजू त्यागी, अमन गिरी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, सीडीओ अभिषेक कुमार, मुख्य अभियंता (शारदा) एचएन सिंह, मुख्य अभियंता (शारदा सहायक) प्रभाकर प्रसाद, अधीक्षण अभियंता बाढ़ मंडल लखीमपुर धर्मेंद्र कुमार, अधीक्षण अभियंता सीतापुर नीलेश जैन, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड अजय कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड प्रथम राम बहादुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

राहत और बचाव कार्यों के दिशा-निर्देश
जलशक्ति मंत्री ने कहा, "बाढ़ के समय जन-धन की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। सभी अफसर अलर्ट मोड में रहें।" उन्होंने अति संवेदनशील और संवेदनशील क्षेत्रों में बाढ़ की आपात स्थिति हेतु पर्याप्त रिजर्व स्टॉक का एकत्रीकरण, प्रकाश की व्यवस्था, आवश्यक उपकरणों का प्रबंध और राहत शिविरों में ताजा भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाढ़ के समय पशुओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। मंत्री ने बाढ़ बुलेटिन और मौसम का पूर्वानुमान नियमित रूप से जारी करने के निर्देश भी दिए।

इस निरीक्षण के दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों को बाढ़ प्रबंधन में सुधार और जन-जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, जिससे आपदाओं के समय बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।