23 जुलाई, 2024 को केंद्रीय बजट 2024-25 लोकसभा में पेश किया जाएगा।


नई दिल्ली:भारत सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति ने संसदीय मामलों की अनिवार्यताओं के अंतर्गत, 22 जुलाई, 2024 से 12 अगस्त, 2024 तक बजट सत्र, 2024 के लिए संसद के दोनों सदनों को बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस दौरान, 23 जुलाई, 2024 को केंद्रीय बजट 2024-25 लोकसभा में पेश किया जाएगा।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री श्री किरण रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के माध्यम से इन विवरणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा होगी और नीतिगत फैसले लिए जाएंगे। बजट सत्र देश की आर्थिक स्थिति और विकास के लिए महत्वपूर्ण होता है, जिसमें वित्तीय योजनाओं और खर्चों का खाका प्रस्तुत किया जाता है।

इस विषय पर लखीमपुर खीरी के युवा नेता रामजी पांडे ने कहा इस बार के बजट सत्र से लोगों को काफी उम्मीदें हैं, खासकर आर्थिक सुधारों और विकास के नए आयामों को लेकर। अब देखना यह होगा कि सरकार जनता की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है और देश की आर्थिक नीतियों में क्या-क्या बदलाव करती है।

संसद का यह सत्र इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें आगामी वित्तीय वर्ष के लिए योजनाओं और परियोजनाओं का विस्तृत खाका पेश किया जाएगा, जो देश के विकास की दिशा को निर्धारित करेगा।