नगर निगम बना प्रचंड भ्रष्टाचार का अड्डा: विमल किशोर

सोनीपत, 14 जून – नगर निगम में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है और बिना पैसे के कोई भी काम नहीं होता। अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से नगर निगम में भ्रष्टाचार हो रहा है, यह आरोप आप नेता विमल किशोर ने लगाया है। न्यू नंदवानी नगर में घरों के आगे बने रैंप को न तोड़ने की एवज में दो-दो हजार रुपए वसूले जाने पर गुस्साए लोगों ने आप नेता विमल किशोर के नेतृत्व में नगर निगम और ठेकेदार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

विमल किशोर ने बताया कि 15 दिन पहले न्यू नंदवानी नगर की एक गली को तोड़ दिया गया था और लोगों से घरों के बाहर बने रैंप न तोड़ने की एवज में दो-दो हजार रुपए मांगे गए। जिन लोगों ने पैसे देने से इनकार किया, उनके घरों के बाहर के रैंप तोड़े जाने के साथ-साथ उनके घरों के अंदर तक का फर्श भी तोड़ दिया गया। यह स्पष्ट रूप से नगर निगम में चल रहे भ्रष्टाचार को दर्शाता है।

विमल किशोर ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद 15 दिन बीत जाने के बाद भी ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे यह साफ जाहिर होता है कि नगर निगम में अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार साज-बाज कर भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।

उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की तुरंत जांच की जाए और दोषी कर्मचारियों, अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही लोगों की समस्याओं का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए, अन्यथा नगर निगम और ठेकेदारों के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इस विरोध प्रदर्शन में पीड़ित कॉलोनी वासी यादविंदर उर्फ गोलू, विजय कुमार सेतिया, जितेंद्र कुमार, सुरेश कुमार, वीना प्रभा, अर्जुन, नितिन, सरफराज और आप कार्यकर्ता सतीश कुमार, विनोद कुमार, राजेश कुमार, आनंद बत्रा सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।